
दौलतपुर चौक (ऊना)। कस्बा दौलतपुर चौक में पिछले एक माह से शुरू हुआ चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अभी तक चोर लगभग आधा दर्जन वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, जबकि पुलिस के हाथ खाली हैं और कागजी कार्रवाई के अलावा कुछ भी नहीं हो पा रहा है, जिससे जनता परेशान है। बुधवार रात चोरों ने दौलतपुर चौक तलवाड़ा रोड पर बवेहड़ बेई में एक घर के ताले तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर डाला। मकान मालिक मनोज बाबा पुत्र गुरप्रकाश ने बताया कि बुधवार रात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर रखी लगभग 35 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिए। घटना के समय मकान मालिक अपने पुराने मकान में सोए हुए थे, जो लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। चोरों ने नकदी तो चुराई ही, साथ ही फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक भी पी गए और मिठाइयां भी खा गए। मामले की पुष्टि करते हुए चौकी इंचार्ज दौलतपुर हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
