दो सड़क हादसों में दो घायल

ऊना। हमीरपुर रोड स्थित अजनोली और बौल में हुए दो सड़क हादसाें में दो लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। घायलों में एक स्कूली छात्रा, जबकि एक खंड विकास कार्यालय का कनिष्ठ अभियंता भी शामिल है। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया है। वहीं पुलिस ने भी मामले के संदर्भ में छानबीन तेज कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बौल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अंजना कुमारी पुत्र राज कुमार स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान जोगीपंगा के समीप बस से उतरते समय अनियंत्रित होकर बस से नीचे जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसी बस में छात्रा को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। छात्रा के सिर में गहरी चोट लगी है। उधर, ऊना से डंगोली की तरफ बाइक पर जा रहे खंड विकास कार्यालय के जेई अरुण कुमार निवासी पनोह की सामने से आ रही सूमो से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अरुण कुमार के भी सिर में गहरी चोट लगी है, जबकि उनका बायां कंधा भी टूट गया है। उन्हें भी सूमो में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। एसपी अनुपम शर्मा ने दोनों हादसों की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts