
बिलासपुर। भारतीय सैनिकों की पुंछ सेक्टर में हुई बर्बरतापूर्ण हत्या पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई भड़क उठी है। परिषद का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से आए दिन किसी न किसी मुठभेड़ को आसानी से अंजाम दिया जा रहा है। सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसकी अगुवाई परिसर अध्यक्ष आदित्य ठाकुर ने की। कालेज परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान, केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कालेज परिसर ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ तथा ‘केंद्र सरकार मुर्दाबाद’ के नारों से गूंज उठा। इस दौरान परिसर अध्यक्ष आदित्य ठाकुर ने कहा कि पुंछ सेक्टर में भारतीय सैनिकों की हत्या की गई है। केंद्र सरकार चुप्पी साधे बैठी हुई है। वहीं संसद में कई नेताओं द्वारा अनाप-शनाप बयानबाजी की जा रही है। पाकिस्तान की इस कार्रवाई का सरकार को करारा जवाब देना चाहिए। भविष्य में इस तरह की घटना नहीं हो। इस दौरान परिसर उपाध्यक्ष विक्रांत, अनीष, सुनील, कमल, महासचिव संदीप चंदेल, सह सचिव रोहित सांख्यान, अरविंद शर्मा, चंद्रशील, नितेश कुमार, रितेश कुमार, सुमित वशिष्ठ, पल्लवी, संगीता, ईवा भाटिया, ज्योति, वंदना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
