
चंबा। स्थानीय कॉलेज में एसएफआई इकाई की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हेम राज शर्मा ने की। बैठक में विद्यार्थियों को पेश आ रही समस्याओं और रूसा प्रणाली के बारे में विचार- विमर्श किया गया। एसएफआई ने विवि के वीसी पर आरोप लगाया कि 100 करोड़ के लालच में आकर उन्होंने छात्रों के हित को दरकिनार कर रूसा प्रणाली लागू कर दी। छात्रों के विरोध के बावजूद रूसा को लागू कर विवि प्रशासन ने तानाशाह होने का प्रमाण दिया है। परिसर अध्यक्ष नारायण और सचिव सुदेश राजपूत ने बताया कि प्रथम वर्ष में फेल हुए विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्हें प्रथम वर्ष में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। इन विद्यार्थियों के लिए क्या व्यवस्था है, इसके बारे में कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन को भी पता नहीं है। परिसर सचिव ने बताया कि कॉलेज हॉस्टल में विद्यार्थियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हॉस्टल में उनकी सुविधा के लिए लगाए गए एक्वागार्ड, एलसीडी, कूलर वार्डन के कमरे में बंद करके रख दिए हैं। लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद विद्यार्थियों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि एसएफआई कॉलेज की समस्याओं को लेकर वीरवार को उपायुक्त संदीप कदम को मांगपत्र सौंपेगी। बैठक में टेक चंद, श्याम लाल, संजू, सुदेश, नारायण मौजूद रहे।
