
तीसा चंबा। उपमंडल तीसा की ग्राम पंचायत सनवाल में एक शादी समारोह में पुलिस ने अवैध राशन बरामद किया है। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम तीन और सात के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय बीडीसी सदस्य योग राज पुत्र सौदागर की शादी चली हुई थी। इस दौरान किसी ने पुलिस को शादी में अवैध राशन के प्रयोग की सूचना दी। पुलिस की टीम ने एएसआई जगदीश चंद की अगुवाई में मौके पर पहुंचकर 12 बोरियां चावल की बरामद की है। पुलिस ने इस अवैध राशन को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि स्थानीय कुछ राशन कार्ड धारकों ने अपने कोटे क ा राशन योग राज को शादी के लिए दिया था, लेकिन पुलिस ने जो बोरियां बरामद की है वे सभी सील थी। उधर, एसएचओ शरीफ मोहम्मद ने बताया कि पुलिस ने सरकारी राशन को अपने कब्जे में ले लिया है और आगामी छानबीन की जा रही है।
