
हमीरपुर। छात्रों में खून की कमी को दूर करने के लिए फोलिक एसिड गोली खिलाने का क्रम मंगलवार से सरकारी स्कूलों में शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग ने 21 लाख टेबलेट्स की सप्लाई शिक्षा विभाग को जारी कर दी है। सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को जिलाभर के कुल 41 हजार 98 बच्चों को टेबलेट्स दी जाएंगी। योजना का शुभारंभ सीपीएस आईडी लखनपाल बाल स्कूल हमीरपुर में करेंगे।
फोलिक ऐसिड की टेबलेट छठी से जमा दो कक्षा तक के छात्रों को ही दी जाएगी। छात्रों को दवाई स्कूल स्टाफ की मौजूदगी दी जाएगी। हालांकि दवाई के सेवन से पहले भोजन करना अनिवार्य है। ऐसे में छठी से आठवीं कक्षा तक के छात्रों को मिड डे मील के बाद दवाई दी जाएगी। नौंवी से जमा दो तक के छात्रों को बुधवार के दिन घर से खाना लाने की हिदायत दी गई है जिससे किसी भी छात्र पर दवाई का विपरीत प्रभाव न पड़े। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 21 लाख टेबलेट्स की सप्लाई शिक्षा उपनिदेशक को जारी कर दी है। यहां से सप्लाई ब्लाक प्राइमरी अधिकारी के माध्यम से स्कूल प्रिंसिपलों तक पहुंचाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 21 लाख टेबलेट्स की सप्लाई शिक्षा विभाग को जारी कर दी गई है। साथ ही स्कूलों में तैनात नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
-डॉ. पीआर कटवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
