
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरी में सोमवार रात्रि भारी बारिश के चलते दो गोशालाएं ध्वस्त हो गईं। साथ हीतीन पक्के मकानों पर पहाड़ी का मलवा गिरने से क्षति पहुंची है। पंचायत घर को भी नुकसान पहुंचा है। पंचायत ने प्रभावितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत खैरी की प्रधान पवना धीमान ने बताया कि गत रात भारी बारिश के चलते वार्ड नंबर दो के निवासी जगदीश चंद और वार्ड नंबर तीन के रिबड़ी देवी की गोशालाएं ध्वस्त हो गई हैं। हादसे के बाद पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दूसरी पंचायत के वार्ड नंबर चार में सुरेश कुमार, जोगाराम, वार्ड पंच विमला के पक्के पकानों पर पहाड़ी का मलवा आ गिरा है, जिससे मकानों को नुकसान पहुंचा है। मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। साथ ही खैरी पंचायत घर को भी नुकसान पहुंचा है। पंचायत घर के एक ओर का हिस्सा कुछ धंस गया है। भारी बारिश के कारण नुकसान की सूचना मिल रही है। मंगलवार को जारी रही बारिश के कारण भी नुकसान की संभावना बढ़ सकती है।
उधर, ग्राम पंचायत प्रधान पवना धीमान का कहना है कि नुकसान की सूचना मिलने के पश्चात मौके पर पहुंचकर जायजा ले लिया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की।
