शिव मंदिर काठगढ़ में लगी भक्तों की कतारें

इंदौरा (कांगड़ा)। श्रावण माह महोत्सव के तीसरे सोमवार को प्राचीन शिव मंदिर काठगढ़ में सैकड़ों भक्तों ने बम-बम भोले के उद्घोष के साथ स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक कर शिव का आशीर्वाद लिया। सोमवार सुबह करीब 5 बजे से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। शिव मंदिर प्रबंधकारिणी सभा द्वारा भक्तों के दर्शन करने व लंगर की समुचित व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा पंजाब व हिमाचल सहित अन्य क्षेत्रों से आई संगत के लिए दानी सज्जनों की तरफ से फलाहार की विशेष व्यवस्था की गई। श्रावण माह महोत्सव के मद्देनजर काठगढ़ शिव मंदिर में कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें राम चरित्र मानस, रामायण का अखंड पाठ, मासिक शिव पुराण, नित्यप्राप्ति श्रीराम चरित्र मानस का पाठ तथा एक सप्ताह तक चलने वाले महारुद्र जलाभिषेक व हवन यज्ञ शामिल हैं।
इस मौके पर प्रबंधकारिणी सभा के प्रधान ओमप्रकाश, महासचिव सुभाष शर्मा, प्रेस सचिव सुरेंद्र शर्मा व पवन शर्मा आदि पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावण माह महोत्सव 16 अगस्त तक चलेगा। इसके समापन पर मासिक शिव पुराण व श्री रामायण पाठ का भोग डाला जाएगा। मंदिर में स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन के लिए भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधकारिणी सभा की ओर से समुचित प्रबंध किए गए हैं।
इस मौके पर सभा के पदाधिकारियों में बनारसी लाल मेहता, योगेंद्र भारद्वाज, कृष्ण गोपाल, अजीत सिंह, कुलदीप सिंह, रमेश कटोच, युद्धवीर सिंह, गणेश दत्त, बसंत कटोच, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts