घाटे से उभर सकेंगी सोसायटियां

चंबा। जिला में चल रही सहकारिता विभाग की सोसायटियां जल्द घाटे से उभरेगी। इसके लिए सोसायटियों ने काम का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे सोसायटियों से जुड़े हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। सहकारिता विभाग की सोसायटियां अब नॉन पीडीएस का काम भी करेंगी। इससे घाटे में चल रही सोसायटियां घाटे से उभर सकेंगी। चंबा के राजनगर स्थित सहकारिता विभाग की सोसायटी ने वाटर स्पोर्ट्स का काम शुरू करने का प्रस्तावत तैयार किया है। एनओसी मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। इससे सैकड़ों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा सलूणी व तीसा की सोसायटियां कलेक्शन एवं मार्केटिंग का काम करेंगी। इसके तहत किसान विभिन्न प्रकार के फूलों की खेती कर सकेंगे। इससे सोसायटियों से जुड़े सैकड़ों किसानों को रोजगार के अवसर प्रदान होगे। यही नहीं, सिहुंता स्थित कुछ सोसायटियों ने हार्ड वेयर व होल सेल का काम शुरू करने की योजना तैयार की है, ताकि इनसे जुड़े लोगों को भी लाभ मिले सके। यह सोसायटियां आटा, चावल और गेंहूं से लेकर हल्दी, मिर्च मसाला व अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं लोगों को उपलब्ध करवाएंगी। सहकारिता विभाग की इन सोसायटियों के माध्यम से चलाई जाने वाली उचित मूल्य की दुकानों पर लोगों को उचित मूल्य पर ही सारा सामान मिलेगा। विभाग की ओर से सोसायटियों के उत्थान और लोगों को उचित मूल्य पर सामान उपलब्ध करवाने के लिए सोसायटियों का काम बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। पूरे जिला में सहाकारिता विभाग के सौजन्य से विभिन्न प्रकार की 252 सोसायटियां चल रही हैं। इसमें से 50 से ज्यादा सोसायटियां घाटे में चल रही हैं, लेकिन अब ये जल्द उभर सकती हैं। इस संदर्भ में जिला अंकेक्षण अधिकारी तिलक राज चंद्रा ने माना कि सहकारिता सोसायटियों का काम बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। एक सोसायटी ने वाटर स्पोर्ट्स के लिए अप्लाई किया है एनओसी मिलती है तो काम शुरू हो जाएगा। तीसा व सलूणी की कुछ सोसायटियां कलेक्शन एंड मार्केटिंग का काम करेंगी। इसके लिए प्रस्तावना तैयार की जा रही हैं।

Related posts