भूख हड़ताल पर बैठी छात्रा अस्पताल में

ऊना। जिला के बढेड़ा स्थित हिम कैप्स नर्सिंग कालेज में कीड़े और कॉकरोच वाला खाना मिलने से गुस्साई छात्राओं की भूख हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। इसी बीच कालेज में नर्सिंग का कोर्स कर रही द्वितीय वर्ष की छात्रा की हालत बिगड़ गई है, जिससे उसे सोमवार देर सायं अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। हालांकि दो अन्य छात्राओं को हॉस्टल में ही आराम दिलाया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती की गई छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है, लेकिन हैरत है कि इतना सब होने के बाद भी कालेज प्रबंधन अभी तक छात्राआें की मांगों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रहा है। वहीं छात्राओं ने भी कालेज प्रबंधन के ढुलमुल रवैये के समक्ष हथियार डालने से साफ इनकार कर दिया है, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई है।
नर्सिंग कालेज के हॉस्टल में रह रही छात्राआें को कीड़े और कॉकरोच वाला खाना दिए जाने की घटना के बाद भूख हड़ताल पर बैठी छात्राओं में से एक कृष्ण बाला निवासी शिलाई (सिरमौर) की हालत बिगड़ गई] जिससे उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। एसएमओ डा. अशोक दड़ोच ने कृष्ण बाला की सेहत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चिकित्सक छात्रा की सेहत पर पूरी नजर रखे हुए हैं। उसे ड्रिप लगाया गया है। कृष्ण बाला को सीसीयू वार्ड में रखा गया है] जहां नर्सें और अन्य नर्सिंग छात्राएं भी उसकी देखभाल कर रही हैं।

Related posts