
ऊना। जिला मुख्यालय पर रविवार को मिड डे मील वर्कर यूनियन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर मिड डे मील वर्कर हेल्पर्स यूनियन की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में बलविंद्र कौर को जिलाध्यक्ष चुना गया है। शविंद्र कौर, उर्मिला, कृष्णा व प्रोमिला को उपाध्यक्ष का दायित्व दिया गया, जबकि महासचिव के पद पर सुनीता देवी को मनोनीत किया गया। सहसचिवाें में कांता, नीलम व अनुराधा को चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों में सरला, अंजना, आशा, प्रोमिला देवी, कमल देवी, कमल व सीमा को शामिल किया गया। यूनियन का कहना है कि सरकार ने मजदूर वर्ग, आंगनबाड़ी वर्कर्स व मिड डे मील वर्कर्स के वेतन में एक रुपये की बढ़ोतरी नहीं की है। इसके अलावा सरकार ने मिड डे मील के बजट में 22 लाख 17 हजार निकाल कर स्कूलों के लिए फर्नीचर खरीदना शुरू कर दिया है। बैठक को जगत राम, आंगनबाड़ी वर्कर्स की जिला महासचिव नरेश भुल्लर एवं सीटू के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो मिड डे मील वकर्स अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगी।
