
अंब (ऊना)। कलरूही में विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस ने मृतका की पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक की सास इन दिनों शिरडी गई हैं। पुलिस ने विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 306, 498ए और 34 के तहत एफआईआर की है। मृतक 26 वर्षीय मीनाक्षी के मायके की तरफ से उसकी माता शीला देवी पत्नी हंस राज निवासी जवाली कांगड़ा ने आरोप दायर करते हुए कहा कि ससुराल पक्ष के तीन लोगाें द्वारा उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए विवश किया गया। उन्हाेंने आरोप जड़ा कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसी वजह से उसने आत्महत्या की है। प्रताड़ना के कारण ही उनकी बेटी परेशान रहती थी। शनिवार रात को सूचना पर पुलिस कलरूही पहुंची थी। मृतका का मायका कांगड़ा जिले के जवाली में है। मृतक महिला की एक बेटी भी है। उनके कलरूही पहुंचने के बाद पुलिस ने आगामी कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि मृतक महिला के पति विशाल कुमार, सास तृप्ता देवी और ननद नीरज बाला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी ने कहा कि महिला की पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मृतका की सास इन दिनों शिरडी गई हैं।
