
चिंतपूर्णी (ऊना)। स्थानीय अस्पताल में शुक्रवार रात मरीज के वेश में आया एक शातिर अस्पताल के चिकित्सक सहित दो अन्य मरीजों को हजारों रुपये की चपत लगा गया। मामले के संदर्भ में पुलिस को सूचित कर दिया गया है, जबकि पुलिस ने भी छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति पेट दर्द का बहाना बनाकर अस्पताल में आया। उसे ड्यूटी पर मौजूद डा. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार दिया। इस दौरान उसे इंजेक्शन लगा कर सुला दिया गया। कुछ देर बाद चिकित्सक ने उसे फिर पूछा तो उसने खुद को पहले से काफी बेहतर बताया। चिकित्सक ने उसे बताकर अस्पताल से बाहर जाने को कहा, लेकिन उक्त शातिर न सिर्फ बिना बताए खुद चला गया। जाते-जाते डाक्टर के लगभग 5500 रुपये मूल्य के जूते भी ले गया, जबकि अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज बलविंद्र सिंह निवासी शिवपुरी चिंतपूर्णी का लगभग 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन ले उड़ा। इतना ही नहीं, वह एक अन्य रोगी मलकीयत राज निवासी किन्नू चिंतपूर्णी का 6500 रुपये की नकदी भी साथ ले गया। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। एसएचओ चिंतपूर्णी मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस ने छानबीन आरंभ कर दी है।
