
हमीरपुर। सदर थाना के अंतर्गत मुख्य बाजार में दुकानदार ने एक राहगीर को थप्पड़ जड़ दिए। मामले की लेकर संबंधित व्यक्ति की सास दुकानदार से उलझ पड़ी। देखते ही देखते वहां लोगों का हुजूम लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति की सास ने दुकानदार पर आरोप लगाया है कि दुकानदार ने बाजार से जा रहे उसके दामाद की दुकान में ले जाकर पिटाई की। महिला ने बताया कि करीब एक साल पहले उसके दामाद और संबंधित दुकानदार के वाहन आपस में टकरा गए थे। हालांकि हादसे में उसके दामाद की गलती थी। मामले को संबंधित दुकानदार के वाहन की मरम्मत करवाने पर सुलझा लिया गया था लेकिन हादसे में घायल होने के चलते उसका दामाद पैसे नहीं दे सका। ऐसे में शनिवार शाम करीब तीन बजे पत्नी सहित जा रहे उसके दामाद को दुकानदार घसीटकर दुकान में ले गया। उसके साथ मारपीट की। इसकी सूचना पीड़ित व्यक्ति की पत्नी ने दूरभाष पर अपनी मां को दी। उसने मौके पर पहुंचकर संबंधित दुकानदार को खरी खोटी सुना डाली। सड़क पर करीब पंद्रह मिनट तक हुजूम लगा रहा। संबंधित दुकानदार का कहना है कि उसने व्यक्ति से मात्र पैसों की बात की। उससे मारपीट नहीं की। उधर, एएसपी अरविंद चौधरी का कहना है कि पुलिस के पास शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
