दुकान से नकदी और दस्तावेज चोरी

ऊना। जिला मुख्यालय के ऊना-नंगल मार्ग स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर शुक्रवार देर रात चोरी हो गई। चोरों जैक की मदद से शटर उठा कर दुकान के भीतर घुसे और उन्होंने गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये की नकदी के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चुरा लिए। पुलिस ने इस संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना-नंगल मार्ग पर पीएनबी बैंक के साथ स्थित जूपीटर इंटरप्राइजिज के मालिक राम कुमार को सुबह करीब साढे़ चार बजे उनके किसी परिचित ने सैर करते समय दुकान का शटर आधा उठा होने की सूचना दी। इस पर रामकुमार अपने भाई नरेश कुमार के साथ दुकान पर पहुंचे तो शटर को जैक की मदद से करीब ढाई फुट तक उठा दिया गया था। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना ऊना में चोरी की घटना की सूचना दी। सुबह करीब छह बजे ऊना पुलिस के जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने दुकान का शटर खोलकर भीतर प्रवेश किया। अंदर जाने पर दुकान के गल्ले से पांच हजार और महत्वपूर्ण कागजात गायब थे। पुलिस ने दुकान की एक कुर्सी पर छह पत्थर रखे हुए थे। पुलिस टीम ने दुकान के इर्द-गिर्द चुराए गए गल्ले की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। ऊना-नंगल मार्ग पर रोटरी चौक से मुख्य बस अड्डे तक करीब आधा दर्जन बैंक तथा इतनी ही संख्या में एटीएम लगे हैं, जबकि पूरी रात एक्सप्रेस हाइवे होने के कारण यहां पर वाहन चलते रहते हैं। इस मार्ग पर पुलिस की गश्त भी रात के समय होती है। इनके बीच शहर के बीचोंबीच दुकान में चोरी की घटना से सभी हतप्रभ हैं। वहीं, इस संबध में एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना करके जांच शुरू कर दी है।

Related posts