नियमों का उल्लंघन न करें छात्र संगठन

कुल्लू। छात्र संघ के चुनाव को लेकर कदमताल शुरू हो चुकी है। कुल्लू कालेज में शुक्रवार को तीनों छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बुलाई बैठक में कालेज प्राचार्य धनेश्वरी शर्मा ने चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिए। बैठक में छात्रों को लिगंदो कमेटी की ओर से चुनाव संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। बैठक में कुल्लू थाना के एसएचओ फिरोज खान ने विशेष रूप से शिरकत की।
प्राचार्य धनेश्वरी शर्मा ने तीनों छात्र संगठनों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव के दौरान किसी भी कक्षा को डिस्टर्ब न किया जाए। कक्षाओं का बहिष्कार न हों, पोस्टर तथा दीवार पर कुछ नहीं लिखें। इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
लिगंदो कमेटी के निर्देशों का उल्लंघन किए बिना शांति पूर्वक चुनाव की तिथि निर्धारित होने से पहले एक जनरल हाउस तथा एक चुनाव तिथि निर्धारित होने के बाद ही किया जाए। किसी भी तरह की मीटिंग प्राचार्या की अनुमति के बिना नहीं होगी। इसके लिए सप्ताह में दो-दो दिन प्रत्येक संघ को मिलेंगे। आउट साइडर को कालेज कैंपस में आने की अनुमति नहीं है। प्रो. वंदना वैद्य ने लिगंदो कमेटी के निर्देशों के बारे में तीनों छात्र संगठनों को बताया। इस दौरान एसएचओ फिरोज खान ने छात्र संगठनों को लिगंदो कमेटी नियमों की पालना करने और कालेज कैंपस में शांति बनाए रखने के लिए कहा। बैठक में कालेज प्राध्यापक पंकज शर्मा, मनदीप, कर्मचंद और सुनीता मौजूद रहे।

Related posts