नवोदय स्कूल से गायब हुए दो छात्र

नंगड़ा (ऊना)। क्षेत्र के जवाहर नवोदय विद्यालय के दो छात्र शुक्रवार सुबह क्लासरूम में शिक्षकों को अपने कापियां लाने का बहाना बनाकर निकल गए। लेकिन न तो वह दोनों छात्र कापियां लेने अपने कमरों में पहुंचे और न ही वह वापस कक्षा में लौटे। काफी देर तक दोनों छात्रों का कक्षा में इंतजार होने के बाद जब उनकी खोज शुरू हुई तो देखते ही देखते स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हार कोई हैरान परेशान था कि आखिर छात्र गए तो गए कहां। लगभग तीन घंटे तक छात्रों का कुछ भी अतापता न लगने पर मामले के संदर्भ में पुलिस को सूचित किया गया। खुद एसपी अनुपम शर्मा और अन्य अधिकारी भी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए। वहीं पुलिस ने भी छात्रों की तलाश आरंभ कर दी। दोनों छात्रों में एक मैहतपुर के समीप चढ़तगढ़ की निवासी बताया गया है। दूसरा टाहलीवाल से सटे गांव नंगल खुर्द का रहने वाला है। छात्रों की तलाश के दौरान दोनों छात्रों को नंगल खुर्द और चढ़तगढ़ स्थित अपने-अपने घरों से बरामद कर लिया गया। जिन्हें वापस स्कूल प्रशासन के हवाले कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र स्कूल की दीवार फांद कर परिसर से बाहर निकल गए थे। हाल ही में समाप्त हुई वर्षाकालीन छुट्टियां खत्म होने के बाद दोनों छात्रों को बुधवार और वीरवार को उनके परिजन स्कूल छोड़ कर गए थे। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दो बच्चों को उनके घरों से बरामद कर वापस स्कूल प्रशासन के हवाले कर दिया है। प्रधानाचार्य अनूपा ठाकुर ने बताया कि दोनों बच्चों को कुछ दिनों के लिए परिजनों के साथ घर भेज दिया है। मामले को स्कूल की अनुशासन समिति के समक्ष रखा गया है। वहीं उनके बारे में अंतिम निर्णय लेगी।

Related posts