सिद्धू की टी.आर.पी. का ग्राफ बढ़ा

अमृतसर: अपने संसदीय क्षेत्र में पिछले कई महीनों से उपस्थित न रहने के कारण भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू के विरुद्ध गर्म राजनीतिक चर्चाएं तो चल ही रही हैं अपितु नकारात्मक टिप्पणियों का सिलसिला भी बदस्तूर जारी है किंतु इन सबके बीच सांसद सिद्धू के पुन: छोटे पर्दे पर आने से पिछले समय की अपेक्षाकृत उनकी टैली रेटिंग प्वाइंट (टी.आर.पी.) का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है और विश्व स्तरीय कई नामवर कंपनियां नवजोत सिंह सिद्धू को ब्रांड एम्बैसेडर बना कर उनकी सिने पटल की लोकप्रियता को भी भुनाना चाहती हैं। हालांकि सिद्धू ने इस मामले में किसी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।

सूत्रों का मानना है कि सिद्धू मुख्यतया 3 चीजों पर ध्यान रख रहे हैं, प्रथम वे सांसद हैं और पार्टी आलाकमान को विश्वास में लिए बिना कोई कदम उठाने का रिस्क नहीं लेना चाहते। दूसरे, पहले समय की लोकप्रियता व वर्तमान डिमांड के मध्य ‘नगर प्राइज’ भी मायने रखती है, तीसरे, सिद्धू किसी भी कंपनी के विज्ञापन अथवा ब्रांड एम्बैसेडर बनने से पूर्व किसी ऐसे प्रोडक्ट को हाथ नहीं डालेंगे जिसकी क्वालिटी की न्यूनता का वजन भी सिद्धू के अपने कंधों पर पड़ जाए। सूत्रों की मानें तो सिद्धू इस मामले में कई विज्ञापन विशेषज्ञों से संपर्क बनाए हुए हैं, बहरहाल सिद्धू आने वाले समय में छोटे व बड़े पर्दे पर धमाल मचाने वाले हैं।

Related posts