
अमृतसर: पावर कॉम वेरका सब-स्टेशन का हाल बेहाल है। चारों तरफ लम्बी-लम्बी झाडिय़ां व घास उगी हुई है। उनमें तरह-तरह के कीड़े-मकौड़े हैं। पावर कॉम के कर्मचारी व लोग डर के कारण झाडिय़ों के पास कम ही खड़े होते हैं। कुछ कर्मचारी गंदगी से बचने के लिए अपना काम-काज जल्दी समाप्त कर घर चले जाते हैं। पावर कॉम वेरका सब-स्टेशन के सारे इलाके में गंदगी है। यहां लोगों के बैठने के लिए कोई सुविधा नहीं है।
कार्यलयों की खिड़कियों के बाहर ट्रांसफार्मर से निकला गंदा तेल फैला हुआ है। सभी सड़कों पर गड्ढे हैं लेकिन उन्हें ठीक करवाने वाला कोई नहीं है। कालोनी में रहने वाले लोग हमेशा दहशत में रहते हैं कहीं कोई सांप, बिच्छू उन्हें काट न ले लेकिन पावर कॉम के सिविल विभाग के अधिकारी अपने ही कार्यालय परिसर को ठीक नहीं करवा सकते। आफिस के मुख्यद्वार के अंदर सीवरेज का ढक्कन खुला पड़ा है जिससे कोई भी दुर्घटना हो सकती है।
कालोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि परिसर का हाल ऐसा है कि वे अपने ही विभाग के खिलाफ कुछ बोल नहीं सकते हैं। यहां तो चलती का नाम गाड़ी है। उन्होंने कहा कि सिविल विभाग में कार्यरत अधिकारियों के पास कई बार शिकायत की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई। पावर कॉम के कई पुराने कंडम वाहन पड़े हुए जंग खा रहे हैं जिन पर ध्यान देने वाला कोई नहीं है। यह वाहन कई सालों से ऐसे ही पड़े हुए हैं। इन पर तो घास भी उगनी शुरू हो गई है। विभाग चाहे तो इन कंडम वाहनों की नीलामी करवा कर पैसे इकट्ठे कर सकता है लेकिन यह मिट्टी हो रहे हैं।
पावर कॉम वेरका सब-स्टेशन में बिल भरने आए सतनाम सिंह,अवतार सिंह, अनिल कुमार, आशा देवी ने बताया कि अगर बारिश हो जाए तो लोग तो क्या, पावर कॉम के अधिकारी तक आफिस में नहीं आ सकते क्योंकि यह इलाका मुख्य मार्ग से काफी नीचा है और यहां का हाल बहुत ही खराब हो जाता है। कई लोगों को बिल यहां आकर भरना पड़ता है।
