4 हथियारबंद युवकों ने योजनाबद्ध तरीके से 1 लाख 85 हजार लूटे

मलसियां: आज बाद दोपहर यहां के करीबी गांव रूपैवाली के अड्डे पर 4 हथियारबंद युवकों ने एक दुकानदार से 1 लाख 85 हजार लूट लिए तथा अपनी जेन कार में फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार दरबारा सिंह पुत्र अजीत सिंह वासी गांव रूपैवाली जिन का रूपैवाल बस अड्डे पर समाचार पत्र बेचने, वैस्टर्न यूनियन तथा विदेशी करंसी का काम है, ने बताया कि आज बाद दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे कि 4 युवक उनकी दुकान में मोबाइल रीचार्ज कराने के बहाने आए, उनके द्वारा रीचार्ज करने में असमर्थता दिखाने पर 3 युवकों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर रिवाल्वर तान लिया जबकि चौथे युवक ने दातर तान लिया तथा उनकी दुकान में पड़े 1 लाख 85 हजार रुपए लूट कर निकल गए।

उन्होंने लुटेरों को काबू करने का असफल प्रयास किया लेकिन वे दुकान के बाहर खड़ी गोल्डन रंग की जेन कार में भागने में सफल हो गए। लुटेरे वारदात के पश्चात मलसियां की ओर भाग गए। दरबारा सिंह ने बताया कि चारों युवकों की आयु करीब 24-28 वर्ष थी तथा वे क्लीनशेव थे। घटना की सूचना पाते ही एस.पी.-डी. (देहाती) रजिन्द्र सिंह, डी.एस.पी. हरप्रीत सिंह बैनीपाल, थाना शाहकोट के प्रभारी भूपिन्द्र सिंह व पुलिस चौकी के प्रभारी हरजीत सिंह एस.आई. घटनास्थल पर पहुंच गए। हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है तथा जल्द ही चारों आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे।

Related posts