सुजानपुर ने कुंजपुरा को दी शिकस्त

सुजानपुर (हमीरपुर)। ऐतिहासिक चौगान मैदान में उत्तर क्षेत्रीय सैनिक स्कूलों की प्रतियोगिताएं सोमवार से शुरू हुईं। इनका शुभारंभ सैनिक स्कूल सुजानपुर के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन टीएन श्रीधर ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने पहुंचे 360 प्रतिभागियों ने परेड में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। ऐतिहासिक चौगान में आयोजन ने माहौल को उत्सवमय बना दिया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई गई। प्रधानाचार्य ने परेड की सलामी लेने के पश्चात खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया। पहले दिन कपूरथला सैनिक स्कूल का दबदबा रहा। अंडर-17 वर्ग में पहला फुटबाल मैच मेजबान सुजानपुर सैनिक स्कूल तथा कुंजपुरा (हरियाणा) सैनिक स्कूल के मध्य खेला गया। एकतरफा मुकाबले में सुजानपुर ने कुंजपुरा को 5-0 से हरा दिया। मेजबान टीम से शुभम तथा चिराग ने दो-दो गोल दागे। अंडर-14 फुटबाल मैच में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल (उत्तराखंड) ने सैनिक स्कूल नगरोटा (जम्मू-कश्मीर) को 3-1 से हराया। हाकी में सैनिक स्कूल कपूरथला (पंजाब) ने सैनिक स्कूल नगरोटा को 13-1 से हराया। बास्केटबाल में सैनिक स्कूल कपूरथला ने सैनिक स्कूल नगरोटा को 53-43 से शिकस्त दी। वालीबाल में भी कपूरथला ने नगरोटा को सीधे सेटों 25-22, 25-11, 25-22 (3-0) से शिकस्त दी।
हॉकी के मुकाबले में घोड़ा खाल और कुंजपुरा का मैच बराबरी पर समाप्त हुआ, मैच का स्कोर 1-1 रहा। अंडर-14 फुटबाल में सुजानपुर तथा कुंजपुरा के बीच मैच खेला गया, जिसमें मेजबान सुजानपुर सैनिक स्कूल की टीम ने कुंजपुरा को 3-2 के स्कोर से शिकस्त दी। बास्केटबाल का मुकाबला सुजानपुर और कुंजपुरा की टीमों के बीच खेला गया, मैच में कुंजपुरा ने 41-36 के गोल स्कोर से सुजानपुर को हराया। वॉलीबाल मैच में भी कुंजपुरा स्कूल की टीम ने सुजानपुर को पटखनी दी। मैच में कुंजपुरा ने तीनों सेटों में जीत हासिल की।

Related posts