
कुल्लू। रायसन के जिंदौड़ में सोमवार सुबह एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में तीन बालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जिंदौड़ निवासी किशोरी लाल (18) पुत्र जालफू राम सुबह अपनी गाड़ी में दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब साढे़ सात बजे उनकी गाड़ी जिंदौड नाले में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक किशोरी लाल की मौत हो गई। कार में सवार किशोरी लाल के तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। गंभीर रूप से घायल धनदेव (12) पुत्र सूरत राम को क्षेत्रीय अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है। अन्य घायल रूमी ठाकुर (15) पुत्र जोगिंद्र और पूर्ण (14) पुत्र भादर सिंह का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में अफरा तफरी मच गई और लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
