
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के तहत ब्याड़ खड्ड में अवैध खनन से ग्रामीण खासे परेशान हैं। सरकार ने ब्याड़ खड्ड में खनन कार्य पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद खड्ड में बेरोक टोक खनन हो रहा है। खनन से मिलकीयत भूमि में कटाव हो रहा है। ग्रामीणों ने खनन पर लगाम लगाने की मांग की है।
ब्याड़ एवं बुंबलू खड्ड के आसपास ननावां, नौल, ब्याड़, कलौहण सहित अन्य गांव हैं। खड्ड में मजदूर खनन करके ट्रैक्टर-ट्रालियां भरते अक्सर देखे जा सकते हैं। ग्रामीणों नरेश कुमार, विजय कुमार, देश राज, रवि कुमार, पुरुषोतम चंद, हरिराम, श्याम लाल, परमानंद, दिनेश कुमार, सुरेश कुमार, सुनील कुमार और कमलेश कुमार ने बताया कि ब्याड़ खड्ड में अवैध खनन जोरों से हो रहा है। प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर खड्ड से रेता, बजरी और पत्थर ढोने में लगे हुए हैं। मजदूर खड्ड में तीन-चार फुट खुदाई कर रेता, बजरी उठा रहे हैं। खनन से खड्ड के साथ लगती मिलकीयत भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। खनन के कारण भूमि कटाव हो रहा है। सरकार से मांग की कि खड्ड में हो रहे अवैध खनन कार्य पर अंकुश लगाया जाए तथा खनन करने वाले मजदूरों व ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ब्याड़ व बुंबलू खड्ड में खनन कार्य पर रोक लगाई गई है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा।
