
हमीरपुर। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कांग्रेस पर हमला बोला कि प्रदेश सरकार क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रही है। बदले की भावना से काम किया जा रहा है। भाजपा समर्थित कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। हमीरपुर जिला में इंस्पेक्टरी राज दिखाकर दुकानदारों को तंग किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार की कारगुजारी यह है कि छह माह के कार्यकाल में ही प्रदेश पर 2100 करोड़ रुपये के ऋण का बोझ डाल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री मंडल भाजपा के ‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत दरबोड़ बूथ में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मंडल भाजपा ने अपना बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत पूर्व मुख्यमंत्री के जिम्मे दरबोड़ बूथ दिया है। मंडल के अन्य कार्यकर्ताओं के जिम्मे भी बूथ दिए गए हैं। प्रभारी समय-समय पर अपने बूथ पर जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेगा, क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल करेगा तथा समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्यारे लाल शर्मा, जिला महामंत्री राकेश ठाकुर, मंडलाध्यक्ष बलदेव धीमान, मंडल महामंत्री हरीश शर्मा, राजेश गौतम, जिला पार्षद सुशील सोनी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष विमला देवी, ग्राम केंद्र अध्यक्ष ओंकार ठाकुर तथा बूथ अध्यक्ष जसवंत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
