प्रधान समेत सात ने किया दो को लहूलुहान

हरोली (ऊना)। हरोली क्षेत्र के धर्मपुर में शनिवार देर रात स्वां के किनारे सो रहे गुज्जर परिवार पर क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत के प्रधान और सात अन्य लोगों ने रॉडों और लाठियों से हमला कर दिया। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए हरोली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महेंद्र पाल एवं देवराज पुत्र भगवान दास ने हरोली थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार रात 10 बजे जब वे अपने डेरे में सो रहे थे तो कांगड़ के पंचायत प्रधान विनोद कुमार उर्फ बिट्टू एवं छह अन्य लोगों ने लाठियों एवं रॉडों से उन दोनों एवं देवराज के पुत्र पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन्हें लहूलुहान कर दिया, लेकिन उन्हाेंने हमलावराें को पहचान लिया। हमले में महेंद्र पाल एवं देवराज को गंभीर चोटें आईं, जबकि देवराज के बेटे ने मौके से भाग कर खुद को बचाया। रात को शोर सुन कर दूसरे डेरे के लोग भी वहां आ गए। लोगों को आते देख हमलावर वहां से भाग गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने रविवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि वारदात के संदर्भ में कांगड़ के पंचायत प्रधान सहित सात लोगों को नामजद कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। दोनों घायलों का हरोली अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है।

Related posts