
कुल्लू। मनाली क्षेत्र में विद्युत लाइनों की मरम्मत कर रहे एक कर्मचारी की पोल से गिरकर मौत हो गई है। कर्मचारी के परिजनों ने विद्युत बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में विद्युत बोर्ड में कार्यरत चेतराम निवासी सपनोट (करसोग) मंडी के पुत्र गुरदेव शर्मा ने विद्युत बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुरदेव शर्मा ने बताया कि उनके पिता चेतराम ने उन्हें बताया था कि 23 जुलाई को वह मनाली के कोठी में विद्युत लाइनों की मरम्मत कर रहे थे। जब वह लाइनों की मरम्मत के बाद विद्युत पोल से नीचे उतरने ही वाले थे कि उसी समय विद्युत बोर्ड के किसी कर्मचारी ने लाइनों की सप्लाई चालू कर दी। करंट लगने के कारण चेतराम पोल से नीचे गिर गए। गुरदेव ने बताया कि उनके पिता का पीजीआई चंडीगढ़ में 26 जुलाई को निधन हो गया।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि विद्युत बोर्ड के कर्मचारी चेतराम के पुत्र गुरदेव की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी बिंदुओं को केंद्र में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच का जिम्मा सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार को सौंपा गया है।
