
सैंज (कुल्लू)। सीटू से संबधित गैमन वर्कर्स यूनियन ने पार्वती जल विद्युत परियोजना का निर्माण कर रही कंपनी के खिलाफ रैली निकालकर नारेबाजी की। परियोजना में कार्यरत सैकड़ों मजदूरों ने सियुंड पॉवर हाउस से लेकर सैंज स्थित कंपनी के कार्यालय तक रैली निकालकर कंपनी को चेताया कि अगर वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो निर्माण कार्य ठप करवाया जाएगा।
सैंज में कंपनी कार्यालय के बाहर जनसभा में यूनियन के प्रधान जयवंत सिंह ने कहा कि कंपनी पिछले एक वर्ष से कामगारों को मनमाने तरीके से वेतन का भुगतान कर रही है। श्रम कानून के तहत निर्धारित नियम का उल्लंघन कर मजदूरों का वेतन तीन-चार माह बाद दिया जा रहा है। यूनियन के महासचिव विनय चौहान ने कहा कि कंपनी ने कभी भी समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया है। इससे मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी के महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया था कि 29 जुलाई तक वेतन का भुगतान किया जाएगा मगर अभी तक वेतन नहीं दिया गया है।
