
पलचान (मनाली)। मनाली के ऐतिहासिक मालरोड पर शनिवार को दिनभर एक्शन, कट और ओके की गूंज सुनाई दी। लंबे अरसे बाद फिल्म यूनिट को देखने के लिए यहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में फिल्म निर्देशक और उनकी टीम को भारी जद्दोजहद करनी पड़ी। लोगों सहित सैलानियों ने भी शूटिंग का खूब आनंद उठाया। तमिल भाषा में बन रही ‘उनमई’ फिल्म की शूटिंग मनाली की वादियों में लगभग एक सप्ताह और चलेगी। फिल्म के निर्देशक और अभिनेता रवि कुमार ने बताया कि उनकी यूनिट एक सप्ताह मनाली की हसीन वादियों में शूटिंग करेगी। शनिवार को मनाली माल रोड सहित मनु मार्केट में फिल्म के दृश्य फिल्माए गए। रवि ने बताया कि रविवार को मनाली वन विहार और आसपास क्षेत्रों में फिल्म के दृश्य फिल्माए जाएंगे। उधर, लंबे अरसे बाद मनाली में फिल्म यूनिट को देखकर प्रशंसकों के चेहरे भी खिल उठे।
