
ऊना। जिला मुख्यालय के क्षेत्रीय अस्पताल में अब थायरॉयड और टोटल हार्मोंस के परीक्षणाें की सुविधा जल्द ही जिला वासियों को उपलब्ध होगी। रोगियों को यह सुविधा उपलब्ध करवाने वाला ऊना हिमाचल का पहला जिला बनने जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रदेश की राजधानी सहित अन्य किसी भी जिले में ऐसी सुविधा नहीं मिल पाई है। हालांकि इससे पूर्व इन सभी परीक्षणों के लिए रोगियों के रक्त सहित अन्य सैंपल लेकर मुंबई भेजने पड़ते थे। इससे रिपोर्ट मिलने में लगभग चार से पांच दिन का समय लगता था, लेकिन इस सुविधा के ऊना में स्थापित होने से अब मात्र 45 मिनट में परीक्षण की रिपोर्ट चिकित्सकों के टेबल तक पहुंच सकेगी। क्षेत्रीय अस्पताल में रोगियों के उच्च स्तर के टोटल हार्मोंस और थायरॉयड टेस्ट करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में लगभग 22 लाख रुपये की कैमिनूला सेंस मशीन स्थापित कर दी गई है, जबकि ट्रायल बेस पर रोगियों के टेस्ट भी किए गए हैं। हालांकि अभी तक इन परीक्षणों के लिए लोगों से लिया जाने वाला शुल्क तय नहीं किया गया है, लेकिन बाजार में थायरॉयड का टेस्ट 450 रुपये और टोटल हार्मोंस का टेस्ट लगभग तीन हजार रुपये से शुरू होता है। सरकारी तंत्र में मिलने वाली इस सुविधा के लिए लोगों से बाजार से काफी कम शुल्क लिए जाने पर मंथन चल रहा है।
यह मिलेगी सुविधा
क्षेत्रीय अस्पताल में नई सुविधा के तहत हर वीरवार को वरिष्ठ नागरिकों के यह टेस्ट निशुल्क किए जाएंगे, जबकि बेऔलाद लोगों को भी यह सुविधा निशुल्क मिलेगी। जच्चा-बच्चा के लिए एंटी रेंटल टेस्टों की सुविधा भी लोगों को मुफ्त उपलब्ध होगी।
क्या कहते हैं सीएमओ
उधर, सीएमओ डा. जीआर कौशल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को उच्च स्तर की सेवाएं देने के लिए कृतसंकल्प है। इसी के तहत कैमिनूला सेंस मशीन स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त भी कई हाईटेक सुविधाएं ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में स्थापित की जाएंगी, जिससे लोगों को इलाज के लिए सूबे से बाहर न जाना पड़े।
