
पंचकूला: पुलिस ने सैक्टर-25 में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए 2 लड़कियों और एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक सैक्टर-25 में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते हुए लगभग 1 वर्ष से यह धंधा कर रहा था। उसने ज्यादातर पंजाब की लड़कियों को इस धंधे में लगा रखा था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया।
अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि सैक्टर-25 का एक युवक फोन पर लड़कियों की बुकिंग कर उन्हें बाहर से मंगवाकर देह व्यापार कर रहा है। पुलिस ने आरोपी को काबू करने के लिए वीरवार शाम को ए.एस.आई. नसीब सिंह को फर्जी ग्राहक बनाकर युवक से फोन पर सौदा तय किया।
युवक ने नसीब सिंह को सैक्टर-25 के हर्बल पार्क के पास बुला लिया। युवक के साथ उसकी कार में 2 युवतियां भी थीं। नसीब सिंह को युवक ने लड़कियां दिखाकर एक युवती के लिए 2 हजार रुपए की मांग की। सौदा तय होते ही नसीब सिंह ने पुलिस टीम को सूचित कर दिया और चंडीमंदिर थाना प्रभारी जयप्रकाश ने मौके पर दबिश देते हुए युवक और दोनों युवतियों को काबू कर लिया। पूछताछ में युवक की पहचान राजन ग्रोवर के रूप में हुई।
राजन ग्रोवर सिरसा का रहने वाला है और अपनी पत्नी के साथ सैक्टर-25 के एक मकान में किराए पर रहा था। पकड़ी गई युवतियां जालंधर और पटियाला की बताई जा रही हैं। दोनों युवतियों की आयु लगभग 22 वर्ष है। जालंधर की युवती शादीशुदा व 3 वर्षीय एक बच्चे की मां है। उसका पति जालंधर में एक आरकेस्ट्रा पार्टी में काम करता है।
पटियाला की युवती अविवाहित है और उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। दोनों युवतियां पिछले लगभग 3-4 वर्षों से देह व्यापार में संलिप्त थीं। वे राजन के संपर्क में रहती थीं और बुकिंग होने पर पटियाला व जालंधर से आती थीं। पैसे लेकर शाम को अथवा अगले दिन लौट जाती थीं।
