
अमृतसर: बेशक भारत व पाकिस्तान के रिश्तों में कड़वाहट चल रही है और देश की जनता का पाक के साथ मोह कम है लेकिन इन सबको भुला कर कड़वाहट की बजाय प्यार की गंगा बहती है। भारत तथा पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा अटारी पर हर सायं होने वाली रिट्रीट सैरामनी में दोनों देशों के हजारों लोग शामिल होते हैं।
भारत तथा पाकिस्तान की गैलरी दर्शकों से खचाखच भरी होती है और बच्चों से लेकर बड़ों तक वहां लोग इस रिट्रीट सैरामनी का आनंद लेते हैं और इस मौके दोनों देशों के सुरक्षा बलों के जवान जब अपने-अपने देश के राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ उतारते हैं तो जवानों का देश के प्रति जज्बा खुलकर सामने आता है तो दोनों देशों के लोग वहां तालियां बजाते हैं।
इतना ही नहीं, इस रिट्रीट सैरामनी के समय भारत की दर्शक गैलरी में बैठे हजारों दर्शकों के हाथों में भारत का राष्ट्रीय ध्वज होता है जिनको लहराते-लहराते दर्शक वंदेमातरम्, भारत माता की जय के साथ वहां वातावरण और देश सम्मान प्रति जज्बाती बना देते हैं। भारतीय दर्शकों के अलावा सैंकड़ों विदेशी पर्यटक भी रिट्रीट सैरामनी देखने आते हैं।
