‘नाइट डोमीनेशन, पुलिस इन एक्शन’

जालंधर: शहर में बढ़ रहे अपराध पर काबू पाने व चोर-लुटेरों पर शिकंजा कसने के लिए जिला पुलिस ने रात को शहर के हाईवे व शहर के अंदरूनी हिस्सों को सील कर विशेष रूप से नाकेबंदी की। वहीं नाकों की सुपरविजन को चैक करने के लिए देर रात ए.डी.सी.पी. सिटी-1 नरेश डोगरा खुद देर रात फील्ड में रहे जिसके चलते पुलिस ने अमृतसर-जालंधर राष्ट्रीय मार्ग पर विशेष रूप से नाकेबंदी की।

इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अड्डा होशियारपुर चौक, ज्योति चौक, कंपनी बाग चौक, बी.एम.सी. चौक, जालंधर छावनी व शहर के अंदरूनी कई हिस्सों में पुलिस ने विशेष रूप से नाकेबंदी कर शहर में रात को आने-जाने वाले वाहनों की चैकिंग की व कई वाहन चालकों से पुलिस ने पूछताछ की। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से शहर में चोर लुटेरों ने लगातार पुलिस की नाक में दम करके शहर में कई स्थानों में चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया।

दूसरी तरफ लोगों के दिलों में पिछले कुछ समय से काला कच्छा गिरोह व गिरोह के रात को घूमने की दहशत फैली हुई थी। इस कारण कई क्षेत्रों में लोग दहशत के साए में सो नहीं पा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ ए.डी.सी.पी नरेश डोगरा ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें व लोग किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में दें।

Related posts