
लुधियाना: विवादों के साए में घिरे आधार कार्ड कैम्प कर्मियों पर शहरवासियों द्वारा सम-समय पर कई गंभीर आरोप लगते रहे हैं। कभी कथित तौर पर पैसे लेकर कार्ड बनवाने के तो कभी लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार के, जबकि अब इस कड़ी में एक नया किस्सा जुड़ गया है और वहे है कार्ड बनवाने गए चंडीगढ़ रोड पर पड़ते पंजाब हाऊसिंग बोर्ड कालोनी स्थित एल.आई.जी. क्वार्टरों में रहने वाले सतपाल शर्मा का, जिन्होंने ‘पंजाब केसरी’ कार्यालय में आकर अपनी आपबीती कुछ इस तरह बयां की।
सतपाल शर्मा ने बताया कि वह राजस्थान स्थित एयरफोर्स के इलैक्ट्रॉनिक विभाग में बतौर एग्जीक्यूटिव के पद पर तैनात हैं और पिछले 3 दिन से मंजू सिनेमा के निकट लगे आधार कार्ड कैम्प में कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं जिसके लिए उन्होंने बतौर प्रूफ कर्मचारियों को राशन कार्ड और पैन कार्ड की कापियां जमा करवाई हुई हैं, जिस पर उनका नाम साफ शब्दों में सतपाल शर्मा पुत्र मुकंद लाल शर्मा अंकित है किंतु जब कैम्प में मौजूद कर्मचारियों द्वारा उन्हें आधार कार्ड की कॉपी प्रूफ दिया गया तो उसमें उनका व उनके पिता का नाम एक जैसा ही लिखा हुआ था। मतलब सतपाल शर्मा सुपुत्र सतपाल शर्मा, जबकि उनके पिता का नाम मुकंद लाल शर्मा है।
जब वह इस संबंध में कैम्प के कर्मचारियों से बात करने गए तो वहां मौजूद कर्मियों द्वारा उनसे कथित तौर पर गलत शब्दावली का प्रयोग किया गया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि अगर लोगों को सुविधा के नाम पर कैम्पों में बुला कर बेइज्जत ही करना है तो नहीं चाहिए लोगों को ऐसी सुविधा, जिसमें उन्हें ऐसे कर्मियों का सामना करना पड़े, जो लोगों को कथित गलत व्यवहार पर उतारू हो जाते हैं।
उधर, इस संबंधी जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से जुड़े आधार कार्ड इंचार्ज मनोज कुमार ने माना कि कैम्प में कर्मियों द्वारा गलत व्यवहार करने बारे लोगों की शिकायतें उनके पास आ रही हैं, जबकि उन्होंने सतपाल शर्मा को आ रही परेशानी के लिए फूड सप्लाई कार्यालय में बुलाकर उन्हें समाधान का आश्वासन दिया। वर्णनीय है कि चाहे विवाद के इस चोली-दामन से रिश्ता रखने वाले एक भी कर्मचारी को विभागीय कार्रवाई का सामना अभी तक नहीं करना पड़ा है, जबकि लोग बड़ी संख्या में अपनी दिक्कतें लेकर विभाग के पास जाते रहे हैं।
