
सुजानपुर (हमीरपुर)। सैनिक स्कूल सुजानपुर में उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सैनिक स्कूल सोसाइटी रक्षा मंत्रालय ने खेलों के आयोजन का जिम्मा सुजानपुर स्कूल को सौंपा है। हर वर्ष प्रतियोगिताओं का आयोजन विभिन्न स्थलों पर किया जाता है।
सैनिक स्कूल सुजानपुर में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सैनिक स्कूल सुजानपुर के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन टीएन श्रीधर करेंगे। प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल (उत्तराखंड), सैनिक स्कूल कुंजपुरा (हरियाणा), सैनिक स्कूल नगरोटा (जम्मू एवं कश्मीर), सैनिक स्कूल कपूरथला (पंजाब) और मेजबान स्कूल भाग लेंगे। स्कूलों के कुल 360 प्रतियोगी विभिन्न खेलों फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल के कनिष्ठ (14) तथा वरिष्ठ (17) वर्ग में हिस्सा लेंगे। साथ ही अंग्रेजी एवं हिंदी वाद-विवाद, क्विज और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
सैनिक स्कूल सोसाइटी ने विभिन्न राज्यों में स्थित 24 स्कूलों को पांच क्षेत्रों उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य क्षेत्र में बांटा है। प्रत्येक क्षेत्र में चार से पांच स्कूलों को रखा गया है।
स्कूल प्रधानाचार्य श्रीधर ने बताया कि प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा, जोश, जुनून एवं कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा करने के साथ ही देश की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू करवाना भी है।
