
भल्याणी (कुल्लू)। विपणन बोर्ड की बंदरोल सब्जी मंडी जल्द ही चकाचक होने वाली है। सरकार तथा बोर्ड ने इसकी दशा सुधारने के लिए कमर कस ली है। इस सब्जी मंडी को बोर्ड पक्का कर मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने जा रहा है। पांच करोड़ की लागत से खुले आसमान के नीचे चल रही सब्जी मंडी को अब एक छत मिल जाएगी।
विपणन बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस कवायद को सिरे चढ़ाने के लिए वह सब्जी मंडी का दौरा करेंगे। बंदरोल में एक आधुनिक सब्जी मंडी के निर्माण के लिए बोर्ड ने धन की व्यवस्था भी कर दी है। सेब सीजन संपन्न होते ही सब्जी मंडी के निर्माण कार्य का श्रीगणेश होगा। सब्जी मंडी का निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में 2.50 करोड़ तथा दूसरे चरण में भी इतनी ही राशि खर्च होगी।
विपणन बोर्ड के पूर्व सदस्य एवं बंदरोल आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन हुकम ठाकुर ने इसके लिए कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति विपणन बोर्ड के चेयरमैन यूपेंद्र कांत मिश्रा तथा राज्य उपाध्यक्ष सुभाष मंगलेट का आभार जताया है। मंडी को अदद छत मिल जाने से यहां के बागवानों, किसानों और आढ़तियों तथा बाहरी राज्य से आने वाले व्यापारियों को सुविधा होगी। जिले के प्रगतिशील बागवान एवं प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कार से नवाजे गए बागवान नकुल खुल्लर ने भी बोर्ड के उपाध्यक्ष तथा जिला के चेयरमैन का आभार जताया है।
