सेब को कुल्लू में ही दिल्ली वाले रेट

कुल्लू। जिले में इस बार सेब की बंपर फसल के चलते बागवानों के चेहरे खिले हुए हैं। सेब की बंपर फसल होने के अलावा सेब के बढ़िया दाम मिलने से बागवानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला की विभिन्न मंडियों में इन दिनों सेब 30 से लेकर 70 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है।
जिला में सेब की बंपर फसल के कारण विभिन्न मंडियों में देशभर से व्यापारी पहुंच चुके हैं। जिला आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष खुशहाल ठाकुर ने बताया कि इन दिनों भुंतर मंडी में बागवानों को आजादपुर मंडी दिल्ली के रेट मिल रहे हैं। भुंतर सब्जी मंडी में सेब 50 रुपये किलो तक बिक रहा है।
खुशहाल ठाकुर ने बताया कि इस बार कुल्लू में सेब की बंपर पैदावार है। जिला में पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष पांच गुना सेब की फसल है। बंदरोल सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष जीवानंद ठाकुर ने बताया कि बंदरोल सब्जी मंडी में सेब 30 से लेकर 70 रुपये किलो तक बिक रहा है। बंदरोल के आढ़ती शाम कुल्लवी ने बताया कि सब्जी मंडी में बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिल रहे हैं। इसके अलावा बंदरोल में टमाटर, नाशपाती, फूलगोभी और बंदगोभी भी उगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सेब सीजन अभी और गति पकड़ेगा। एपीएमसी के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि इन दिनों कुल्लू जिले से हर रोज एक हजार क्विंटल से ज्यादा सेब देशभर की मंडियों को भेजा रहा है।

Related posts