
गगरेट (ऊना)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र में एक उद्योगपति के साथ मशीनरी देने के नाम पर साढ़े 61 लाख रुपये ठग लिए गए। हरिद्वार निवासी आरोपी ने स्थानीय उद्योगपति को पैसों के बदले पुरानी मशीनरी दे दी । उद्योगपति ने इस संदर्भ में गगरेट पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार रणवीर चौधरी पुत्र शेर सिंह निवासी प्लाट नंबर 10 औद्योगिक क्षेत्र गगरेट ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसने 29 मार्च 2012 को उद्योग में मशीनरी लगाने के लिए मनोज अग्रवाल निवासी डी-5 संदेशनगर कनखल हरिद्वार को 61 लाख 50 हजार रुपये की राशि दी थी। लेकिन उसने पुरानी मशीनरी लगा दी। रणवीर का आरोप है कि इस संदर्भ में उसने कई बार मनोज अग्रवाल से कहा भी, लेकिन उसने उसकी किसी भी बात पर ध्यान नहीं दिया। उद्योगपति ने आरोपी के खिलाफ थाने में दी शिकायत में 61 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है।
एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 और 420 के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। जल्द ही आरोपी को गगरेट थाने में तलब कर पूछताछ की जाएगी।
