डिटेल बनाने के बहाने उड़ाए 25 हजार

मैहतपुर (ऊना)। कस्बा मैहतपुर में शुक्रवार को एसबीआई बैंक में रुपये जमा कराने आई प्रवासी महिला से दो युवक 25 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज करके दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बिहार के कटिहार जिला की निवासी महिला सरस्वती देवी पत्नी सुगता महतो मैहतपुर की एसबीआई शाखा में 25 हजार रुपये जमा करवाने पहुंची, तो बैंक कैशियर ने महिला से नोटों की डिटेल बनाकर लाने को कहा। इस पर महिला ने बैंक में ही किसी अन्य कार्य के लिए आए दो युवकों से नोट डिटेल भरने की मदद मांगी।
दोनों युवक प्रवासी महिला को रुपये जमा करवाने की स्लीप पर नोटों की डिटेल भरने के बहाने बैंक से बाहर ले गए और महिला के साथ रुपये लेकर डिटेल बनाते हुए बैरियर तक चले गए। इस दौरान दोनों युवक महिला को गच्चा देकर एक निजी बस में बैठकर पंजाब की तरफ फरार हो गए। उसके बाद महिला बैंक में आकर शोर मचाने लगी। मैहतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और महिला से दोनों युवकों की पहचान करवाई गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि नोटों की डिटेल बनाते समय दोनों युवकों ने उसे नोटों से भरा एक कपड़ा पकड़ाया था जिसे बाद में खोलकर देखा गया तो कपडे़ में मात्र पांच सौ रुपये का नोट ही था।
डीएसपी हैडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 34 के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रवासी महिला से 25 हजार छीनकर फरार हुए दोनों युवकों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।

Related posts