बंगाणा में नशे का कारोबार

बंगाणा(ऊना)। क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोरों एवं दुकानों पर नशे का कारोबार बेरोकटोक जारी है। क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंध के बावजूद भी प्रतिबंधित दवाइयां धड़ल्ले से बेची जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र के खोखे तथा टी-स्टाल इन दिनों नशेड़ियों के अड्डे बने हुए हैं।
पंजाब राज्य से बाबा बालक नाथ मत्था टेकने जा रहे श्रद्धालु विनोद कुमार, गुरचरण सिंह, बलविंद्र सिंह, जगतार सिंह तथा लाड्डी सिंह ने बताया कि बंगाणा में प्रतिबंध के बावजूद भी आसानी से कोरेक्स जैसी प्रतिबंधित दवाई मंहगे दामों में उपलब्ध हो जाती है। बंगाणा होकर बाहरी राज्यों से बहुत बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बालक नाथ दर्शन के लिए जाते हैं। पंजाब तथा हरियाणा राज्य से आने वाले यह श्रद्धालु नशों की आदत से ग्रस्त होते हैं जिसके चलते वह किसी भी कीमत पर नशे का सेवन करने को तैयार रहते हैं। उधर नशे की इन प्रतिबंधित वस्तुओं से मेडिकल स्टोर एवं दुकान मालिक इन्हें बेच कर खूब मोटी कमाई करने में डटे हुए हैं। प्रशासन भी इस धंधे को रोकने के लिए कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला पा रहा है।
क्षेत्र के लोगों में राज कुमार मनोहर लाल, निर्मल शर्मा, मोहन सिंह, राजेश कुमार, गौरव ठाकुर, अमृत लाल, जनक राज, ज्ञान चंद तथा राम अवतार ने बताया कि ऐसे कारोबारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। युवा देश का भविष्य है लेकिन दुख की बात है कि आज ज्यादातर युवा वर्ग नशे के इस दलदल में इतनी बुरी तरह से फंस चुके हैं कि उन्हें इस दलदल से बाहर निकालने के लिए समाज को ही आगे आना चाहिए। ड्रग्स इंस्पेक्टर निशांत सरीन ने बताया कि नियमित मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की जा रही है। प्रतिबंधित दवाई बेचने वाले मेडिकल स्टोर चलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts