चंदपुर में भिड़े दो गुट, एक घायल

टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के ललड़ी में वीरवार देर सायं दो पक्षों के बीच मारपीट होने का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया है जिसे उपचार और मेडिकल के लिए हरोली अस्पताल ऊना ले जाया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज करते हुए दो लोगों को नामजद कर लिया है। मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बलवीर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ललड़ी वीरवार देर सायं जब चंदपुर से टाहलीवाल जा रहा था तो ललड़ी में शीलू पुत्र सुरिंद्र सिंह और बिंदू पुत्र नोनी दोनों निवासी चंदपुर ने उसका रास्ता रोक लिया। रास्ता रोकने का कारण पूछे जाने पर दोनों ने बलवीर सिंह से मारपीट करना शुरू कर दिया जिससे वह घायल हो गया।
एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायल को उपचार और मेडिकल के लिए अस्पताल में पहुंचा दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 427, 504 और 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश अमल में लाई जाएगी।

Related posts