चार और छात्रों के शव मिले

पंचकूला/पिंजौर: बुर्जकोटियां के नजदीक घग्गर नदी में बुधवार को बहे 8 छात्रों में से अब तक 5 के शव मिल गए हैं। इनमें एक का शव बुधवार को ही मिल गया था, जबकि 4 शव वीरवार को खोज लिए गए। 2 छात्रों को मौके पर ही जिंदा बचा लिया गया था। 1 अन्य छात्र अभी लापता है।

नदी में मिले छात्रों के शवों की उनके परिजनों ने शिनाख्त कर ली है। लापता 1 छात्र की तलाश में गोताखोर और सेना के जवान वीरवार को देर शाम तक जुटे रहे। गौरतलब है कि पंचकूला से लगभग 12 किलोमीटर दूर बुर्जकोटियां के नजदीक घग्गर नदी के किनारे 7 छात्र बुधवार को सुबह अपने दोस्त पंचकूला निवासी अक्षय के जन्मदिन की पार्टी कर रहे थे।

हिमाचल में भारी बारिश के चलते पहाड़ों से अचानक तेजी से आए पानी में ये आठों छात्र बह गए थे। इनमें अक्षय और दीपांशु को ग्रामीणों ने मौके पर ही बचा लिया था, जबकि घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर नदी में सैक्टर-25 निवासी शुभम का शव मिला था। बाकि लापता छात्रों की तलाश में पुलिस, दमकल कर्मचारी, गोताखोर और सेना के जवान बुधवार को देर रात तक लगे रहे।

1 छात्र अब भी लापता, घग्गर में सर्च अभियान जारी, नदी किनारे बर्थ-डे पार्टी करते समय बह गए थे 8 छात्रसुबह 7 बजे मिला दूसरा शव वीरवार को सुबह लगभग 7 बजे पिंजौर पुलिस को बनूड़ से किसी का फोन आया कि नदी में किसी का शव है। यह स्थान घटनास्थल से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने तुरंत नदी से शव को निकलवाकर डेराबस्सी सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां शव की शिनाख्त सैक्टर-11 निवासी समवित रैना (19) के रूप में हुई। उसके परिजनों ने उसके कड़े, अंगूठी और अंडर गार्मैंट्स से उसकी पहचान की।

10 बजे मिला तीसरा शव

सुबह लगभग 10 बजे घटनास्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर सैक्टर-27 के पास घग्गर नदी में किसी राहगीर ने एक शव रेत में धंसा हुआ देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। यह शव सैक्टर-14 निवासी 20 वर्षीय रविंद्र सिंह का था।

गोताखोरों ने तलाशा चौथा शव

नदी में लापता छात्रों की तलाश के लिए पंचकूला पुलिस ने आर्मी के साथ पानीपत से विशेष तौर पर 8 गोताखोर बुलवाए थे। शाम लगभग साढ़े 5 बजे पानीपत के गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर स्थित गांव छोटी चौकी के पीछे घग्गर नदी में एक और शव मिलने की सूचना पुलिस को दी।

यह शव नदी में लगभग 10 फुट गहरे गड्ढे में फंसा हुआ था। उसे निकालकर सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया और लापता युवकों के परिजनों से उसकी शिनाख्त करवाई गई तो यह शव सैक्टर-15 निवासी हितेश (18) का निकला। हितेश के पिता ने शव की शिनाख्त हितेश की बाजू पर बने टैटू और बाजू पर लिखे हुए एच के निशान, कड़े एवं धागे के अलावा कुछ अन्य शारीरिक चिन्हों से की।

Related posts