चंबोह में दर्जन भर घरों में घुसा पानी

भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत चंबोह गांव में भारी बारिश के चलते करीब एक दर्जन घरों में पानी घुस गया। गांव में एक टैंक और रास्ता भी पानी की चपेट में आकर बह गया है। दो मकानों को अधिक खतरा हो गया है। ग्रामीण बादल फटने की बात कह रहे हैं, प्रशासन अभी पुष्टि नहीं कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब डेढ़ बजे भारी बारिश के चलते चंबोह गांव में काफी मात्रा में पानी आ गया। गांव चारों ओर से पहाड़ियों से घिरा है। इसके चलते ग्रामीण बादल फटने का अंदेशा जता रहे हैं लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने बादल फटने की पुष्टि नहीं की। सुनील कुमार, भंडारी लाल, जुल्फी राम, बोहरा राम, प्रीतम, महेंद्र सिंह, कमला देवी, लीतड़ू राम आदि के घरों में पानी घुस आया और घरों में रखा सामान पानी की भेंट चढ़ गया। गांव में मछलियों के लिए बनाया टैंक, एक डंगा और खड्ड में बनाया पक्का रास्ता पानी के बहाव से बह गया है। लोगों की मानें तो स्थिति बादल फटने जैसी थी। कमला देवी और लीतड़ू राम के मकानों को भी पानी से नुकसान पहुंचा है। मकानों को काफी खतरा हो गया है जो कभी भी गिर सकते हैं।
उधर, ग्राम पंचायत उपप्रधान दीनानाथ का कहना है कि रात करीब डेढ़ बजे स्थिति बादल फटने जैसे थी लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पूर्व उपप्रधान बलवंत सिंह का कहना है कि सुबह करीब डेढ़ बजे बादल फटा है। इससे लोगों के घरों में पानी घुसा है।

हल्का पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है। हालांकि गांव में कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। हल्का पटवारी नुकसान का आंकलन कर रहा है।

Related posts