
हमीरपुर। सलासी के पास मिनी ट्रक 709 पलटने से धर्मशाला-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग सवा घंटा बंद रहा। मिनी ट्रक में सरकारी चावल की बोरियां लदी हुई थीं तथा पंजाब से हमीरपुर आ रहा था लेकिन सलासी के पास उतराई में दोनों पटे टूटने से ट्रक सड़क के बीचों बीच पलट गया। इससे सड़क मार्ग बंद हो गया तथा सड़क में जाम की स्थिति बन गई। इस घटना की सूचना मिलने पर करीब 25 मिनट बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मी पहुंचे तथा यातायात को बहाल करवाया। बुधवार शाम 6.40 बजे धर्मशाला-शिमला एनएच में सलासी के पास उतराई में ट्रक नं पीबी 07एस 5037के दोनों पटे टूट गए तथा ट्रक सड़क में ही पलट गया।
ट्रक चालक अजय कुमार निवासी कांगड़ा चला रहा था। ट्रक पंजाब से हमीरपुर आ रहा था तथा ट्रक में सरकारी चावल की बोरियां लदी हुई थीं। इस हादसे से सड़क में जाम की स्थिति बन गई। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लग गई। पुलिस के एएसआई पाल सिंह तथा ट्रैफिक हवलदार रमेश चंद गरियाल ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाया । पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आठ बजे तक यातायात बहाल हो सका। पुलिस उपअधीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
