
चंबा। चौगान मैदान में मिंजर मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के सभी चौगानों में पंडाल, दुकानें और झूले लगाने का काम जोर शोर से चला हुआ है। इस बीच बुधवार को उपायुक्त संदीप कदम ने मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया और मेला कमेटियों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने झूले और पंडाल लगाने वालों को आम जनता की सुरक्षा का पूरा खयाल रखने की हिदायत दी है। साथ ही उन्होंने बड़े-बड़े पंडालों में लगने वाली दुकानों को आग से सुरक्षित रखने के उपाय करने को कहा है। वहीं, ज्यादा भीड़ होने पर सुरक्षित रास्ते बनाने के भी निर्देश दिए हैं। ज्ञात रहे कि मिंजर मेला 28 जुलाई से शुरू हो रहा है। उपायुक्त ने मेले के दौरान सुरक्षा, सफाई और अन्य जरूरी प्रबंधों का भी जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। उधर, वीरवार को मेले के दौरान लगने वाली दुकानों और स्टालों की अलाटमेंट बोली के माध्यम से की जाएगी। इस बार दुकानों की नीलामी प्रक्रिया चौगान नंबर एक में स्थित कला केंद्र में की जा रही है। एक दुकान के एक से अधिक बोलीदाता होने पर दुकान की बोली देने वाले व्यक्ति को दस हजार रुपये की जमानत राशि भी जमा करवानी होगी। अगर दुकानदार ने बोली से मिली दुकान को सबलैट किया तो यह धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी। यह अलाटमेंट एसडीएम चंबा की अध्यक्षता में बनी तहबाजारी समिति करेगी। एसडीएम ने बताया कि 25 जुलाई को व्यापारिक परिसर की अस्थाई दुकानों की कला केंद्र में बोली लगाई जाएगी।
सिप्पी कल्याण सभा की बैठक 28 को
बनीखेत (चंबा)। जिला सिप्पी कल्याण सभा की बैठक 28 जुलाई को लोक निर्माण विभाग के स्थानीय विश्राम गृह में होगी। सभा के जिला उपाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता सभा के जिला अध्यक्ष रोशन लाल करेंगे। इस मौके पर जिला महासचिव जय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने समुदाय के लोगों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति दर्ज करवाने का आग्रह किया है।
