
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की वुढवार पंचायत में बुधवार को एक विवाहिता ने सल्फास की गोलियां निगल ली, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों क ो सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय अनीता देवी पत्नी नरेश कुमार निवासी खोली ने बुधवार को करीब एक बजे सल्फास की गोलियां निगल लीं, जिससे अनीता की तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों की मदद से अनीता देवी को पीएचसी थानाकलां लाया गया। थानाकलां पीएचसी के चिकित्सकों ने अनीता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत बंगाणा पुलिस को भी सूचित किया। एएसआई बलदेव ने बताया कि अनीता देवी का मायका छपरोह पंचायत में है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनीता ने सल्फास की गोलियां निगली हैं, जिससे उसकी मौत हुई। अनीता देवी का छह वर्ष का बेटा और चार वर्ष की एक बेटी है। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि अनीता देवी का शव क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किया गया। पुलिस का एक दल इस केस की छानबीन में जुटा है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आखिर अनीता देवी ने सल्फास खाकर आत्महत्या क्यों की। पुलिस मामले की तह तक जाएगी।
