
टाहलीवाल (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के अधीन कांटे क्षेत्र में चोरों ने एक घर में घुसकर 1.80 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण और 19500 रुपये नकद उड़ा लिए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वारदात के दौरान शिकायकर्ता महिला और परिवार के अन्य लोग घर के बरामदे में ही सो रहे थे। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। चोरी की बढ़ती वारदातों से लोग सकते में हैं। झपटमारी और लूटपाट की घटनाओं ने भी जिले में महिलाओं का जीना दूभर कर दिया है। पुलिस का मानना है कि घरों में घुसकर भी सोने चांदी के आभूषणों और नकदी को ही निशाना बनाने वाला गिरोह स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस के अनुसार कांटे क्षेत्र की भोली कौर पत्नी जगतार ने अपनी शिकायत में कहा है कि रात को वह घर के बरामदे में सो रही थी। सुबह जब वह उठी तो उसे घर में चोरी का पता चला। पहले तो उसे लगा कि घर से चोर सिर्फ नकदी ले गए हैं। बाद में जब अन्य संदूकों और सामान पर नजर दौड़ाई तो पता चला कि 1.80 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण भी गायब हैं। हरोली थाना के एसएचओ महेंद्र कुमार ने घटना को लेकर मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चोरीशुदा आभूषणों नकदी की बरामदगी और चोरों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपने घरों के इर्द गिर्द मंडराने वाले अजनवी एवं संदिग्ध लोगों पर नजर रखें। संदिग्धों के संदर्भ में अधिक शक होने की स्थिति में पुलिस को सूचित करें।
