लोगों पर वायरल और टायफायड का हमला

ऊना। बरसात के मौसम के चलते वायरल और टायफायड जैसी बीमारियों ने लोगों को शिकंजे में लेना शुरू कर दिया है। आजकल जिला भर के सरकारी एवं निजी अस्पतालों के अतिरिक्त निजी क्लीनिकों में बुखार से पीड़ित दर्जनों लोग आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त खांसी, जुकाम, गला दर्द से पीड़ित रोगियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में परिजनों को लेकर पहुंचे बसोली क्षेत्र के राजकुमार ने बताया कि उनके परिवार में माता, पिता और उनकी पत्नी तीनों बुरी तरह से वायरल की चपेट में हैं। इसके चलते उन्हें अपने काम से छुट्टी लेकर घर वापस लौटना पड़ा। उधर, बंगाणा निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनके परिवार में चार में दो लोग टायफायड की चपेट में आ गए हैं, जबकि दो लोगों को वायरल ने बुरी तरह से जकड़ लिया है। उन्होंने बताया कि आसपास क्षेत्रों में भी इन रोगों से लोग पीड़ित हैं, जो सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों में रमन कुमार, गौरव अरोड़ा, चनदीप सिंह, प्रवीण, अजय कुमार व आकाश ने बताया कि वायरल का प्रकोप लगभग हर तीसरे या चौथे आदमी पर देखा जा रहा है।
उधर, सीएमओ जीआर कौशल ने बताया कि इन दिनों मौसम में हो रहे बदलाव के चलते लोग वायरल, टायफायड, खांसी जुकाम जैसे रोगाें की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में हर रोज ऐसे रोगियों की संख्या 50 से ऊपर जा रही है। उन्होंने लोगों को खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में पीने के लिए उबले पानी का प्रयोग करें।

Related posts