
चंपावत। नगर क्षेत्र में नए भवनों के निर्माण के लिए नक्शा पास करने से पहले लोक निर्माण विभाग तथा राजस्व विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने मंगलवार को पालिकाध्यक्ष और सभासदों के शिष्टमंडल को सलाह दी कि नगर को व्यवस्थित करने, नियोजित निर्माण के लिए यह प्रक्रिया अपनाना जरूरी है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में गए शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से नगर के विकास में सहयोग की अपील की। कहा कि टैक्सी स्टैंड में पानी की व्यवस्था, टिनशेड का निर्माण करना जरूरी है। तभी यात्रियों और टैक्सी चालकों को सुविधा मिल पाएगी। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था के लिए संविदा पर 18 सफाई कर्मचारी रखे गए हैं लेकिन उनके वेतन भुगतान की समस्या आ रही है। डीएम ने कहा कि इस मामले में शहरी विकास सचिव से बात करेंगे। जिला मुख्यालय में रोडवेज स्टेशन की स्थापना, स्टेडियम का निर्माण जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि इन कामों में जो भी बाधा आ रही है उसे दूर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर में विकास की अपार संभावना है। इसको नियोजित तरीके से अमल में लाने के प्रयास किए जाएंगे। शिष्टमंडल में सभासद दीपक तड़ागी, नरेश जोशी, गिरीश पांडे, प्रकाश नाथ शामिल थे।
