
भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत लुद्दर के पास बाइक स्किड होने से दो युवक घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि उसके साथी को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 दूरभाष नंबर पर सूचना दी। लेकिन आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में घायलों को दूसरे वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। एंबुलेंस आती भी कैसे, वह तो अस्पताल परिसर में स्वयं जैक के सहारे खड़ी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रिशु पुत्र रमेश चंद निवासी मन्वीं और सतीश कुमार पुत्र जगरन्नाथ निवासी मन्वी मोटरसाइकिल पर जा रहे थे तो लुद्दर के समीप बाइक अचानक स्किड हो गई और साथ लगती चट्टान से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक रिशु के मुंह में चट्टान का पत्थर घुस गया। गले के ऊपर भी गहरा घाव हो गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस पर दुर्घटना की सूचना दी लेकिन करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दूसरे वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रिशु के परिजन उपचार के लिए शिमला ले गए हैं।
उधर, डा ललित कालिया ने बताया कि हादसे में रिशु का जबड़ा टूट गया है। मुंह पर तीन और गले के ऊपर दो टांके लगे हैं। डेंटल सर्जरी के लिए उसे रैफर कर दिया गया है।
