मोदी ही यूपीए को दिलाएंगे छुट्टी : धूमल

टौणी देवी (हमीरपुर)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उठो जागो, और तब तक आगे बढ़ो, जब तक दिल्ली में मोदी प्रधानमंत्री न बन जाएं। नरेंद्र मोदी ही देश को आगे बढ़ा सकते हैं तथा यूपीए के भ्रष्ट शासन से मुक्ति दिला सकते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर बदला बदली की भावना से कार्य करने का आरोप लगाया।
धूमल मंगलवार को टौणी देवी में जिम का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताआें को संबोधित कर रहे थे। केंद्र सरकार अमेरिका के आदेश पर चल रही है। दुश्मन को पीछे हटाने के साथ ही महंगाई, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम रही है। कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। 125 करोड़ जनता की सरकार एक शहीद के सिर को वापिस नहीं ला सकती तो और क्या कर सकती है। एक तरफ वीर हेम राम का सिर कलम किया जाता है दूसरी तरफ भारत के विदेश मंत्री पाक के मंत्री को बिरयानी खिलाते हैं। उन्होंने कहा कि देश के अगले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे तथा देश को नई दिशा मिलेगी। धूमल ने प्रदेश सरकार को भी आडे़ हाथों लिया। हमीरपुर, उनके गृह क्षेत्र से अधिकारियों, कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं। उनके स्थान पर अन्य की नियुक्ति भी नहीं की जा रही है। टौणी देवी में 12 करोड़ की लागत से बनने वाले कैंसर रिसर्च सेंटर को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। भाजपा नेताओं प्यारे लाल शर्मा, राकेश ठाकुर, विजय बहल ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में जिप सदस्य सरला डोगरा, सतपाल शर्मा, तिलक राज, पुन्नू राम, अनिल काकू, वीरेंद्र ठाकुर, शेर सिंह, सुमन चौहान, अनीता चौहान, रीता ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts